सप्रू हाउस लाइब्रेरी को 7 नवंबर 2025 को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों के लिए प्रतिष्ठित आईएसओ 9001: 2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि सप्रू हाउस लाइब्रेरी को यह अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करने वाले भारत के कुछ पुस्तकालयों में से एक बनाती है।
2. आईएसओ 9001: 2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय मानक है, जो यह सुनिश्चित करता है कि संगठन निरंतर सुधार करते हुए ग्राहक और नियामक आवश्यकताओं को पूरा करें।
3. यह प्रमाणन वैश्विक गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए कुशल सेवाएं प्रदान करने और उपयोगकर्ता अनुभव को निरंतर बेहतर बनाने के प्रति सप्रू हाउस लाइब्रेरी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आईएसओ 9001: 2015 मानकों का पालन करते हुए, सप्रू हाउस लाइब्रेरी ने प्रभावी दस्तावेज़ीकरण और अपनी प्रणालियों और संचालन में निरंतर सुधार के लिए एक ढांचा स्थापित किया है।
4. आईएसओ प्रमाणन, सप्रू हाउस लाइब्रेरी के रखरखाव, देखरेख और सेवाओं में सुधार के लिए हाल के वर्षों में उठाए गए कदमों की श्रृंखला का परिणाम है, जिसमें भौतिक नवीनीकरण, संग्रहों का भौतिक सत्यापन, जिल्दसाजी, छंटाई, सूचीकरण और वर्गीकरण को अद्यतन करना, दुर्लभ पुस्तक संग्रह का रखरखाव, प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण और स्वचालन, ऑनलाइन संसाधनों को बढ़ाना और वाचनालय सेवाओं में सुधार शामिल हैं।
5. आईएसओ 9001:2015 प्राप्त करना, अंतर्राष्ट्रीय संबंधों, कूटनीति और संबंधित विषयों पर देश के प्रमुख शोध पुस्तकालयों में से एक के रूप में सप्रू हाउस लाइब्रेरी की स्थिति को और मजबूत करता है और 1943 में इसकी स्थापना के बाद से इसके विकास और वृद्धि में एक मील का पत्थर दर्शाता है।
*****