भारतीय वैश्विक परिषद (आईसीडब्ल्यूए), जो राष्ट्रीय महत्व का एक संस्थान और भारत का सबसे पुराना और प्रमुख विदेश नीति थिंक टैंक है, और राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति संस्थान (आईएनएसएस), रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जो एक सरकारी वित्त पोषित सार्वजनिक अनुसंधान संस्थान है, ने भारत और कोरिया गणराज्य के बीच बेहतर समझ और संबंधों में योगदान देने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने और समर्थन करने के लिए एक समझौता ज्ञापन के जरिए संस्थागत सहयोग करने पर सहमति जताई है। इस समझौता ज्ञापन का मकसद कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियों के दौरों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और उसमें सहयोग करना है, ताकि आईसीडब्ल्यूए - आईएनएसएस के बीच बातचीत और सहयोग को आसान बनाया जा सके। इस समझौता ज्ञापन में आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर संयुक्त शोध गतिविधियों और सेमिनार, संगोष्ठी व पैनल चर्चा के संयुक्त आयोजन का प्रावधान है।
समझौता ज्ञापन 10 सितंबर 2026 को हस्ताक्षरित किया गया था और यह तुरंत प्रभाव से लागू हो गया।
*****