आईसीडब्ल्यूए अनुसंधान संकाय, आईसीडब्ल्यूए की कार्य योजना की रीढ़ है। यह आईसीडब्ल्यूए के संचालन के तीनों स्तंभों अर्थात् अनुसंधान, प्रकाशन एवं सेमिनारों का कार्य करता है। इसका नेतृत्व महानिदेशक करते हैं जो इसके कार्यों की बारीकी से निगरानी करते हैं, इन्हें आकार देते हैं एवं मार्गदर्शन करते हैं। महानिदेशक को इस कार्य में निदेशक (अनुसंधान) द्वारा सहायता दी जाती है। संकाय में वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता, अनुसंधान अध्येता, अनुसंधान सहयोगी एवं अनुसंधान विश्लेषक हैं, जिनके पास अंतर्राष्ट्रीय संबंध और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में अलग-अलग वर्षों का अनुभव और योग्यता है और जो विभिन्न क्षेत्र व विषयगत विशेषज्ञता से संबंधित हैं। संकाय का शोध कार्य नियमित रूप से परिषद की वेबसाइट पर दृष्टिकोण, अंक संक्षिप्त, विशेष रिपोर्ट और सप्रू हाउस शोधपत्र के रूप में प्रकाशित होता है। अनुसंधान संकाय बाहर से आए विशेषज्ञों द्वारा किए जा रहे परिषद के अनुसंधान और प्रकाशन कार्य का समन्वय करता है तथा अंतर्राष्ट्रीय संबंधों और कूटनीति से संबंधित मुद्दों पर परिषद की कई चर्चाओं के आयोजन में नियमित तौरपर अपना योगदान देता है। शोध संकाय, विदेश नीति और अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर जागरूकता पैदा करने हेतु परिषद के राष्ट्रीय आउटरीच कार्यक्रम में हिस्सा लेता है, साथ ही परिषद के अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों एवं वार्ताकारों के साथ संवाद और पारस्परिक विचार-विमर्श में भी भाग लेता है। परिषद का इंटर्नशिप कार्यक्रम काफी सशक्त है। इस कार्यक्रम में भारत के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से शोध प्रशिक्षुओं को शामिल किया जाता है और उन्हें परिषद की चर्चाओं और वार्तालापों में शोध और भागीदारी के ज़रिए अंतर्राष्ट्रीय संबंधों पर मार्गदर्शन मिलता है और सीखते हैं।